मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को राज्य के लिए महंगा वित्तीय दायित्व बताया है. भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित बुंदेली समागम के दौरान उन्होंने यह टिप्पणी की.
छतरपुर की बुंदेली कंटेंट क्रिएटर बिन्नू रानी ने उनसे पूछा था कि सरकार ने ‘जिज्जियों’ यानी बहनों के लिए बहुत कुछ किया है, तो ‘बिन्नुओं’ यानी बेटियों के लिए क्या करेगी. जवाब में मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें इस वित्तीय बोझ का अंदाजा नहीं था. हालांकि उन्होंने कहा कि बहनों के लिए कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी.
योजना के तहत फिलहाल पात्र महिलाओं को ₹1,500 प्रति माह दिए जा रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, इससे राज्य के खजाने पर सालाना करीब ₹22,680 करोड़ का खर्च अनुमानित है. योजना 2023 में शुरू हुई थी और शुरुआत में ₹1,000 मासिक सहायता दी जाती थी, जिसे बाद में ₹1,250 और फिर नवंबर 2025 में ₹1,500 किया गया.
रिपोर्ट में कहा गया है कि अक्टूबर 2023 में योजना में 1.31 करोड़ से अधिक महिलाएं शामिल थीं. उम्र, मृत्यु या अन्य पात्रता शर्तों के कारण लाभार्थियों की संख्या घटी है और नए पंजीकरण अभी बंद हैं.
