मध्य प्रदेश में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए ई-स्कूटर खरीदने पर अनुदान का प्रावधान है. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजना के तहत श्रमिक को ई-स्कूटर की कीमत का 50 प्रतिशत या अधिकतम ₹40,000, जो भी कम हो, सहायता के रूप में दी जाती है.
योजना का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों को कार्यस्थल तक आने-जाने के लिए निजी परिवहन उपलब्ध कराना है. इसका लाभ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में वैध पंजीकरण वाले श्रमिकों को मिलता है. उपलब्ध योजना विवरण के अनुसार, श्रमिक का मंडल में कम से कम पांच वर्ष से लगातार पंजीकृत होना जरूरी है.
आवेदन के लिए जरूरी शर्तें
ई-स्कूटर श्रमिक के नाम पर आरटीओ में पंजीकृत होना चाहिए और ऐसा वाहन होना चाहिए जिसके लिए आरटीओ पंजीकरण अनिवार्य हो. आवेदन के साथ वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र, खरीद बिल, ई-स्कूटर के साथ श्रमिक की तस्वीर और ड्राइविंग लाइसेंस की फोटो देनी होती है. बैंक खाता आधार से जुड़ा और DBT के लिए सक्रिय होना भी आवश्यक बताया गया है.
अनुदान मिलने के बाद ई-स्कूटर को तीन वर्ष तक बेचने या हस्तांतरित करने पर रोक रहती है. योजना का आवेदन मध्य प्रदेश के संबंधित ऑनलाइन सेवा पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है.
