नारनौल के राजकीय पीजी कॉलेज में 27 नवंबर 2026 को मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से होने वाले इस कैंप का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है.

कैंप में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे. यहां ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, आधार कार्ड और अलग-अलग प्रकार के प्रमाण पत्रों से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी. सरकारी विभागों की पेंशन योजनाओं और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा आवेदन से संबंधित सहायता भी दी जाएगी.

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दस्तावेजों में कमी होने पर नागरिकों को उसे पूरा कराने में मदद की जाए, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी न हो. स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा.

कैंप की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की. प्रस्तावित स्टॉलों में स्वास्थ्य, पुलिस, शिक्षा, कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, वन विभाग, बैंकिंग, रेडक्रॉस समिति और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित कई विभाग शामिल हैं.