भारत के राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीने से कम समय में एक करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज दी जा चुकी हैं. यह अभियान फरवरी 2026 में शुरू किया गया था और इसका उद्देश्य किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) संक्रमण से बचाना है, जो सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि को निवारक स्वास्थ्य सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया. सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि हर खुराक लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने और उनके स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक कदम है. उन्होंने अभियान से जुड़े सभी पक्षों के प्रयासों की सराहना की.
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, अभियान के तहत 14 वर्ष की लड़कियों को अभिभावक की सहमति से सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक सिंगल-डोज HPV वैक्सीन दी जा रही है. टीकाकरण की सुविधा U-WIN प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा रही है.
मंत्रालय ने बताया कि भारतीय रजिस्ट्रार जनरल के 2021 के जनसंख्या अनुमान के आधार पर करीब 1.2 करोड़ लड़कियों का वार्षिक लक्ष्य तय किया गया है. एक करोड़ से अधिक डोज के साथ अभियान ने इस चिन्हित लक्ष्य का लगभग 87 प्रतिशत संचयी कवरेज हासिल कर लिया है.
छह राज्यों—गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार—ने अपने चिन्हित लक्ष्य समूह में 100 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया है. असम में कवरेज 95.63 प्रतिशत, तेलंगाना में 95.28 प्रतिशत, कर्नाटक में 93.16 प्रतिशत और उत्तराखंड में 90.17 प्रतिशत रहा.
छत्तीसगढ़ में 86.21 प्रतिशत और राजस्थान में 85.23 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया गया. केरल में यह आंकड़ा 77.02 प्रतिशत, तमिलनाडु में 76.12 प्रतिशत और ओडिशा में 74.90 प्रतिशत रहा.
लाभार्थियों की पूर्ण संख्या के लिहाज से उत्तर प्रदेश 29.33 लाख से अधिक टीकाकरण के साथ आगे है. बिहार में 13.70 लाख से अधिक और गुजरात में 7.75 लाख से अधिक 14 वर्षीय लड़कियों को वैक्सीन दी गई है. स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने राज्यों, स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं और अभिभावकों के योगदान को इस प्रगति में महत्वपूर्ण बताया.
