राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति हब योजना का उद्देश्य एससी-एसटी उद्यमियों की क्षमता बढ़ाना और उन्हें सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में अधिक प्रभावी भागीदारी के लिए तैयार करना है. यह योजना सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के तहत 2016 में शुरू की गई थी और इसका क्रियान्वयन राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (NSIC) करता है.
योजना के तहत उद्यम पंजीकरण, Government e-Marketplace (GeM) पर नामांकन, निविदाओं में भागीदारी, ऋण सुविधा, प्रशिक्षण, मेंटरिंग और विक्रेता विकास कार्यक्रमों में सहायता दी जाती है. सरकार की सार्वजनिक खरीद नीति के तहत एससी-एसटी स्वामित्व वाले उद्यमों से 4 प्रतिशत खरीद का लक्ष्य भी निर्धारित है.
ऋण और तकनीकी सहायता
Special Credit Linked Capital Subsidy Scheme के तहत पात्र एससी-एसटी सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को संयंत्र, मशीनरी और उपकरण खरीदने के लिए संस्थागत ऋण पर 25 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है. सब्सिडी की अधिकतम सीमा 25 लाख रुपये है. यह सहायता विनिर्माण और सेवा क्षेत्र से जुड़े पात्र उद्यमों के लिए उपलब्ध है.
मंत्रालय के 2025-26 वार्षिक विवरण के अनुसार, योजना के तहत देशभर में 1.59 लाख से अधिक एससी-एसटी उद्यमियों को विभिन्न गतिविधियों के जरिए सहायता दी जा चुकी है. वर्ष 2024-25 में एससी-एसटी स्वामित्व वाले सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से सार्वजनिक खरीद का मूल्य 3,731.50 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था.
