ओडिशा सरकार ने सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें देने की योजना को मंजूरी दी है. इस योजना से पांच वर्षों में करीब 28.7 लाख छात्रों को लाभ मिलने का अनुमान है. योजना पर लगभग 284.07 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 11 विभागों से जुड़े 16 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. अधिकारियों के अनुसार, मुफ्त किताबों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पढ़ाई का खर्च घटाना और विद्यार्थियों की शिक्षा जारी रखने में मदद करना है. स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग को हर शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले किताबें उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है.

कैबिनेट ने शहरी वर्षा जल निकासी प्रबंधन एवं सुधार कार्यक्रम को भी मंजूरी दी. 2026-27 से 2030-31 तक चलने वाले इस पांच वर्षीय कार्यक्रम पर राज्य के अपने संसाधनों से 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसे शहरी स्थानीय निकायों और कुछ चयनित प्रखंड मुख्यालयों में लागू किया जाएगा. इसका लक्ष्य जल निकासी व्यवस्था सुधारना, जलभराव और स्थानीय बाढ़ की समस्या कम करना है.