प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 (2024) सर्वे के आधार पर तैयार प्राथमिकता सूची को रायपुर जिले की ग्रामसभाओं से मंजूरी मिल गई है. जिले के चार जनपदों में कुल 75,461 हितग्राहियों की सूची जारी की गई है. इनमें 74,068 हितग्राही पात्र और 1,393 अपात्र पाए गए हैं.

जनपदवार आंकड़ों के अनुसार, अभनपुर में 18,352 हितग्राहियों में से 18,095 पात्र और 257 अपात्र हैं. आरंग में 25,814 में से 25,138 पात्र तथा 676 अपात्र पाए गए. धरसींवा में 11,540 हितग्राहियों में 11,210 पात्र और 330 अपात्र हैं. तिल्दा में 19,755 में से 19,625 पात्र और 130 अपात्र मिले हैं.

10 अक्टूबर तक दे सकेंगे दावा-आपत्ति

सूची में अपात्र पाए गए हितग्राही 28 सितंबर से 10 अक्टूबर तक संबंधित ग्रामसभा में लिखित दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे. तय समय के भीतर प्राप्त आवेदनों की जिला स्तरीय समिति नियमानुसार जांच करेगी और उसके बाद निर्णय लिया जाएगा.

पात्र और अपात्र हितग्राहियों की सूची जिला कार्यालय, विकासखंड कार्यालय और संबंधित ग्राम पंचायत भवन के सूचना पटल पर चस्पा की गई है. जिला पंचायत के अनुसार, समय-सीमा के बाद मिलने वाले आवेदन तथा अधूरे या अस्पष्ट आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा.