केंद्र सरकार ने PM CARES for Children Scheme के तहत कक्षा 1 से 12 तक पढ़ाई जारी रखने वाले बच्चों को मिलने वाली विशेष छात्रवृत्ति के लिए आधार प्रमाणीकरण या आधार नंबर होने का प्रमाण प्रस्तुत करना आवश्यक किया है. सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की 14 अक्टूबर की अधिसूचना में यह प्रावधान किया गया है.
अधिसूचना के अनुसार, योजना का लाभ लेने वाले व्यक्ति को आधार प्रमाणीकरण कराना होगा या आधार नंबर होने का प्रमाण देना होगा. हालांकि, किसी बच्चे को केवल इस वजह से सहायता से वंचित नहीं किया जाएगा कि वह आधार प्रमाणीकरण पूरा नहीं कर सका, आधार नंबर होने का प्रमाण नहीं दे पाया या उसका आधार अभी जारी नहीं हुआ है.
आधार नहीं होने पर वैकल्पिक दस्तावेज
जिन लाभार्थियों के पास आधार नंबर नहीं है, उन्हें आधार नामांकन के लिए आवेदन करना होगा. नाबालिग बच्चे का नामांकन अभिभावक या कानूनी संरक्षक की सहमति से किया जाएगा. विभाग ऐसे लाभार्थियों के नामांकन और आधार विवरण अपडेट कराने में सहायता करेगा.
आधार नंबर जारी होने तक 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे नामांकन पावती में दर्ज Enrolment ID और उम्र के प्रमाण के जरिए अपनी पहचान स्थापित कर सकते हैं. उम्र के प्रमाण के लिए जन्म प्रमाणपत्र, भारतीय पासपोर्ट या मान्यता प्राप्त बोर्ड से जारी कक्षा 10वीं अथवा 12वीं का प्रमाणपत्र या अंकपत्र स्वीकार किया जा सकता है.
बच्चे का अभिभावक या कानूनी संरक्षक से संबंध साबित करने के लिए फोटो वाले दस्तावेज भी देने होंगे. इनमें राशन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट और अधिकृत अधिकारी द्वारा जारी जाति या निवास प्रमाणपत्र शामिल हो सकते हैं. कानूनी संरक्षकता की स्थिति में सक्षम प्राधिकारी का गोद लेने का आदेश या संरक्षकता साबित करने वाला अन्य दस्तावेज स्वीकार किया जा सकेगा.
विदेशी लाभार्थियों के लिए भी अलग दस्तावेजों का प्रावधान है. इनमें OCI कार्ड, तिब्बती शरणार्थियों के लिए Foreigners Regional Registration Office का पंजीकरण प्रमाणपत्र और नेपाल या भूटान के नागरिकों का पासपोर्ट शामिल हैं.
18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लाभार्थियों को Enrolment ID वाली आधार नामांकन पावती के साथ फोटोयुक्त पहचान दस्तावेज देना होगा. मतदाता पहचानपत्र, राशन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, कक्षा 10वीं या 12वीं का प्रमाणपत्र या अंकपत्र तथा निर्धारित जाति या निवास प्रमाणपत्र इनमें शामिल हैं.
प्रमाणीकरण विफल होने पर विकल्प
यदि खराब गुणवत्ता वाले बायोमेट्रिक या किसी अन्य कारण से आधार प्रमाणीकरण सफल नहीं होता, तो जहां संभव और अनुमत हो, प्रमाणीकरण का कोई दूसरा बायोमेट्रिक तरीका या OTP आधारित प्रमाणीकरण उपलब्ध कराया जाएगा. वैकल्पिक सत्यापन से लाभ पाने वाले मामलों का रिकॉर्ड रखा जाएगा और उनकी समय-समय पर समीक्षा व ऑडिट किया जाएगा.
