प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के कार्यान्वयन का एक वर्ष 11 अक्टूबर 2026 को पूरा हो गया. केंद्र सरकार ने इस योजना को 2025-26 से छह साल के लिए मंजूरी दी है. इसका लक्ष्य 100 आकांक्षी कृषि जिलों में कृषि और संबद्ध गतिविधियों का विकास करना है.

योजना के तहत कम फसल उत्पादकता, कम फसल सघनता और कम कृषि ऋण वितरण जैसे संकेतकों के आधार पर जिलों का चयन किया गया है. सरकार का कहना है कि प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश से कम-से-कम एक जिले को इसमें शामिल किया गया है.

किसानों को किन क्षेत्रों में मदद

योजना का जोर कृषि उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने पर है. इसके अलावा पंचायत और ब्लॉक स्तर पर फसल कटाई के बाद भंडारण, सिंचाई सुविधाओं तथा दीर्घकालिक और अल्पकालिक ऋण की उपलब्धता सुधारने का लक्ष्य रखा गया है.

इस पहल को 11 मंत्रालयों और विभागों की 36 केंद्रीय योजनाओं के समन्वय, राज्य योजनाओं तथा निजी क्षेत्र की स्थानीय भागीदारी से लागू किया जा रहा है. जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जिला समिति स्थानीय जरूरतों के आधार पर कार्ययोजना तैयार करती है. अगस्त 2025 में सरकार ने योजना से करीब 1.7 करोड़ किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने का अनुमान बताया था.