प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की अक्टूबर 2026 की राष्ट्रीय रैंकिंग में झारखंड का पश्चिमी सिंहभूम जिला पहले स्थान पर रहा. योजना के आधिकारिक डैशबोर्ड के अनुसार जिले का कंपोजिट स्कोर 96.16 अंक रहा. राजस्थान का नागौर 90.67 अंक के साथ दूसरे और बिहार का गया 89.91 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा.
रैंकिंग में नागालैंड का मोन जिला 18.92 अंक के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा. योजना के तहत देश के 100 जिलों के प्रदर्शन को कृषि उत्पादकता, फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि, भंडारण, सिंचाई, कृषि ऋण तथा शासन-सुविधा वितरण जैसे संकेतकों के आधार पर मॉनिटर किया जाता है.
पश्चिमी सिंहभूम ने सितंबर 2026 में 61.10 अंक के साथ 34वां स्थान हासिल किया था. अक्टूबर में उसका प्रदर्शन सुधरकर शीर्ष पर पहुंचा. प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को 2025-26 से छह वर्षों के लिए लागू किया गया है. इसका उद्देश्य मौजूदा योजनाओं के समन्वय से कृषि उत्पादकता बढ़ाना, सिंचाई और भंडारण सुविधाओं में सुधार करना तथा किसानों को ऋण तक बेहतर पहुंच दिलाना है.
