प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का लक्ष्य देश के 100 कृषि जिलों में उत्पादकता और किसानों की आय से जुड़े प्रमुख अंतर को कम करना है. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 16 जुलाई 2025 को इस योजना को मंजूरी दी थी. इसे वित्त वर्ष 2025-26 से छह वर्षों के लिए लागू किया गया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 अक्टूबर 2025 को इसका शुभारंभ किया था.

योजना के तहत कम फसल उत्पादकता, कम फसल सघनता और कम कृषि ऋण वितरण जैसे संकेतकों के आधार पर जिलों का चयन किया गया है. सरकार का जोर फसल विविधीकरण, टिकाऊ कृषि पद्धतियों, सिंचाई सुविधाओं और पंचायत व ब्लॉक स्तर पर फसल कटाई के बाद भंडारण क्षमता बढ़ाने पर है.

मौजूदा योजनाओं का समन्वय

पीएमडीडीकेवाई के तहत 11 मंत्रालयों और विभागों की 36 केंद्रीय योजनाओं को संबंधित राज्य योजनाओं और स्थानीय भागीदारी के साथ जोड़ा जाएगा. इसका उद्देश्य जिले की जरूरत के अनुसार कृषि विकास की कार्ययोजना बनाना और किसानों तक योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है.

सरकारी दस्तावेजों के अनुसार, योजना के लिए सालाना 24,000 करोड़ रुपये का प्रावधान है और इससे करीब 1.7 करोड़ किसानों को लाभ मिलने का अनुमान है. दीर्घकालिक और अल्पकालिक कृषि ऋण की उपलब्धता आसान बनाना भी इसके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है.