प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत चयनित युवाओं को हर महीने ₹9,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसके अलावा, इंटर्नशिप शुरू होने के बाद ₹6,000 की एकमुश्त ज्वाइनिंग सहायता भी मिलेगी. यह योजना कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय के तहत संचालित की जा रही है.

योजना की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 18 से 25 वर्ष की आयु वाले ऐसे युवा आवेदन कर सकते हैं जो पूर्णकालिक रोजगार में नहीं हैं. अवसरों के लिए कक्षा 10, कक्षा 12, ITI, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर की योग्यताएं स्वीकार की जा सकती हैं. हालांकि, पात्रता संबंधित इंटर्नशिप अवसर के नियमों पर निर्भर करेगी.

इंटर्नशिप की अवधि छह या नौ महीने हो सकती है. उम्मीदवारों को अलग-अलग कंपनियों, क्षेत्रों, भूमिकाओं, स्थानों और शैक्षणिक योग्यताओं के आधार पर अवसर खोजने की सुविधा दी गई है.

आवेदन कैसे करें

उम्मीदवारों को PM Internship Portal पर पंजीकरण करना होगा. इसके बाद आधार आधारित ई-केवाईसी, व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरण तथा संपर्क जानकारी पूरी करनी होगी. प्रोफाइल बनने के बाद उम्मीदवार उपलब्ध इंटर्नशिप अवसरों को देखकर अपनी पसंद के अनुसार आवेदन कर सकते हैं. चयन या ऑफर मिलने पर उसे पोर्टल के माध्यम से स्वीकार कर निर्धारित स्थान पर ज्वाइन करना होगा.

आवेदन से पहले उम्मीदवारों को पोर्टल पर उपलब्ध अवसर की आयु, योग्यता, स्थान, अवधि और अन्य शर्तें ध्यान से जांचनी चाहिए.