प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) के तहत खेती योग्य भूमि रखने वाले किसान परिवारों को सालाना ₹6,000 की सहायता तीन बराबर किस्तों में दी जाती है. किसान परिवार में पति, पत्नी और नाबालिग बच्चे शामिल माने जाते हैं. लाभ की पहचान राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के भूमि रिकॉर्ड के आधार पर करते हैं.
PM-KISAN के पंजीकृत किसानों के लिए e-KYC अनिवार्य है. किसान पोर्टल के Know Your Status विकल्प से पंजीकरण, भुगतान और e-KYC की स्थिति देख सकते हैं.
किन्हें नहीं मिलता लाभ
संस्थागत भूमि धारक इस योजना के पात्र नहीं हैं. वर्तमान या पूर्व संवैधानिक पदधारी, मंत्री, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, नगर निगम के मेयर और जिला पंचायत अध्यक्ष भी बाहर हैं. केंद्र या राज्य सरकार के नियमित अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी उपक्रमों और स्वायत्त संस्थानों के कर्मचारी तथा स्थानीय निकायों के नियमित कर्मचारी भी अपात्र हैं. हालांकि Multi-Tasking Staff, Class IV और Group D कर्मचारियों के लिए अपवाद है.
₹10,000 या उससे अधिक मासिक पेंशन पाने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी, पिछले आकलन वर्ष में आयकर देने वाले व्यक्ति और पंजीकृत डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट तथा आर्किटेक्ट भी लाभ नहीं ले सकते. एक परिवार के एक से अधिक सदस्यों को लाभ मिलने या 1 फरवरी 2019 के बाद भूमि स्वामित्व हासिल करने वाले संदिग्ध मामलों में भुगतान सत्यापन तक रोका जा सकता है.
