प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) से Industrial Training Institutes (ITIs) के साथ मजबूत साझेदारी बनाने और प्रशिक्षित युवाओं की भर्ती को बढ़ावा देने का आह्वान किया है. बुधवार को हुई PRAGATI बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बीच अंतर कम करने के लिए ‘Classroom–Company–Career’ दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि PSUs को अपनी भविष्य की मानवबल जरूरतों का आकलन करना चाहिए. इसके आधार पर उन्हें ITIs के साथ मिलकर संबंधित ट्रेड में युवाओं को प्रशिक्षित करने और बाद में भर्ती करने की व्यवस्था विकसित करनी चाहिए. उन्होंने व्यावहारिक प्रशिक्षण और अप्रेंटिसशिप को समर्थन देने तथा प्रशिक्षित ITI स्नातकों को नियुक्ति में अधिक प्राथमिकता देने की बात भी कही.

PM-SETU के तहत ITI क्लस्टर बनाने की तैयारी

बैठक में ITI व्यवस्था और प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड ITIs (PM-SETU) के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई. प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों और मुख्य सचिवों से ITIs को मजबूत करने तथा PM-SETU के तहत उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने में नेतृत्व देने को कहा.

अधिकारियों के अनुसार, मुख्य सचिवों के सामने अगले तीन महीनों में बड़े राज्यों में पांच, छोटे राज्यों में तीन और केंद्रशासित प्रदेशों में एक-एक क्लस्टर स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है. PM-SETU में क्लस्टर का अर्थ हब-एंड-स्पोक मॉडल से जुड़े सरकारी ITIs का समूह है. इसमें एक प्रमुख ITI हब के रूप में और कई छोटे ITIs स्पोक के रूप में काम करते हैं.

स्थानीय स्तर पर बिजली परियोजनाओं पर भी जोर

बिजली परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मोदी ने विकेंद्रीकृत सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के नए मॉडल तलाशने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, ऐसी परियोजनाएं स्थानीय संसाधनों और मांग को ध्यान में रखते हुए बिजली खपत केंद्रों के करीब विकसित की जानी चाहिए. इससे भरोसेमंद और किफायती बिजली की उपलब्धता बढ़ाने तथा ट्रांसमिशन ढांचे पर दबाव कम करने में मदद मिल सकती है.