केंद्र सरकार की PM-RAHAT योजना सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई है. योजना का पूरा नाम ‘प्रधानमंत्री—सड़क दुर्घटना पीड़ितों का अस्पताल में भर्ती एवं सुनिश्चित उपचार’ है. इसे मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 162 के तहत लागू किया गया है.

योजना के तहत मोटर वाहन से हुई सड़क दुर्घटना के प्रत्येक पात्र पीड़ित को अधिकतम ₹1.5 लाख तक का उपचार कवर मिलेगा. यह सुविधा दुर्घटना की तारीख से अधिकतम सात दिनों तक उपलब्ध होगी. उपचार देशभर के नामित अस्पतालों में दिया जाएगा और इसके लिए पीड़ित या परिवार से तत्काल भुगतान नहीं लिया जाना चाहिए.

गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचने पर स्थिरीकरण उपचार का भी प्रावधान है. गैर-जीवन-घातक मामलों में 24 घंटे और जीवन-घातक मामलों में 48 घंटे तक स्थिरीकरण उपचार दिया जा सकता है, जिसके लिए पुलिस प्रमाणीकरण की प्रक्रिया लागू है.

आपात स्थिति में दुर्घटना स्थल पर मौजूद व्यक्ति 112 हेल्पलाइन से निकटतम नामित अस्पताल और एंबुलेंस की जानकारी ले सकता है. योजना को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के डिजिटल सिस्टम से जोड़ा गया है. PM-RAHAT को देशभर में 13 फरवरी 2026 को लॉन्च किया गया था.