प्रधानमंत्री कौशल विकास एवं रोजगार क्षमता उन्नयन योजना (PM-SETU) ने एक वर्ष पूरा कर लिया है. योजना के तहत देश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों यानी ITI में बुनियादी ढांचे, पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया जा रहा है.
सरकारी जानकारी के अनुसार, PM-SETU के लिए 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कुल प्रावधान किया गया है. योजना का उद्देश्य ITI को उद्योगों के साथ मजबूत साझेदारी के जरिए अधिक रोजगार-केंद्रित बनाना है. इसके तहत उन्नत उपकरण, भविष्य की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित की जानी है.
योजना का क्रियान्वयन सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में प्रस्तावित है और इसे पांच वर्षों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाना है. सरकार के अनुसार, ITI को सरकारी स्वामित्व और उद्योग-प्रबंधन के मॉडल से विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है.
PM-SETU के तहत संस्थागत साझेदारों और निजी उद्योगों की भागीदारी से अलग-अलग ITI क्लस्टरों के लिए निवेश योजनाओं पर काम चल रहा है. इसका लक्ष्य प्रशिक्षण पाने वाले युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना और व्यावसायिक शिक्षा को बदलती औद्योगिक जरूरतों से जोड़ना है.
