केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत पहली बार औपचारिक नौकरी शुरू करने वाले कर्मचारियों को एक महीने के EPF वेतन के बराबर अधिकतम ₹15,000 का प्रोत्साहन दिया जाता है. यह लाभ उन कर्मचारियों के लिए है जिनका वेतन ₹1 लाख प्रति माह तक है और जो पहली बार EPFO में पंजीकृत हो रहे हैं.
दो किस्तों में मिलेगा पैसा
प्रोत्साहन का पहला हिस्सा छह महीने की सेवा पूरी होने के बाद दिया जाएगा. दूसरी किस्त 12 महीने की सेवा पूरी करने और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पूरा करने के बाद मिलेगी. भुगतान Direct Benefit Transfer के जरिए Aadhaar Bridge Payment System से किया जाएगा. योजना के तहत प्रोत्साहन का कुछ हिस्सा निश्चित अवधि के लिए बचत साधन या जमा खाते में रखा जा सकता है.
पंजीकरण कैसे होगा
पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को UMANG ऐप पर Face Authentication Technology के जरिए Universal Account Number (UAN) बनाना होगा. नियोक्ताओं को PM-VBRY पोर्टल पर एकमुश्त पंजीकरण करना है. योजना के तहत 1 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच सृजित नौकरियां शामिल हैं.
योजना के दूसरे हिस्से में अतिरिक्त रोजगार देने वाले नियोक्ताओं को प्रति कर्मचारी हर महीने ₹3,000 तक प्रोत्साहन मिलता है. यह लाभ सामान्य क्षेत्रों में दो वर्ष और विनिर्माण क्षेत्र में चार वर्ष तक दिया जा सकता है.
