केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री विकसित ग्राम स्वराज योजना (PM VGSY) को केंद्र प्रायोजित योजना के रूप में मंजूरी दे दी है. यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक लागू रहेगी और इसका कुल परिव्यय ₹7,395.55 करोड़ है. इसमें केंद्र का हिस्सा ₹4,869.48 करोड़ और राज्यों का हिस्सा ₹2,526.07 करोड़ होगा.
सरकार के अनुसार, योजना का लक्ष्य ग्राम पंचायत स्तर पर समग्र विकास योजना बनाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत करना है. eGramSwaraj सहित मौजूदा डिजिटल प्रणालियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं, लाभार्थियों, सामुदायिक परिसंपत्तियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी एक मंच पर लाने का प्रस्ताव है.
पंचायतों की योजना और जवाबदेही पर जोर
योजना के तहत हर वर्ष कम-से-कम 2.55 लाख ग्राम पंचायत विकास योजनाएं तैयार करने, ऑनलाइन ऑडिट योजनाओं को बढ़ावा देने तथा AuditOnline के जरिए संबंधित ऑडिट समय पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. लेखांकन, सार्वजनिक सूचना और पंचायतों की अपनी आय बढ़ाने पर भी जोर होगा.
सरकार का अनुमान है कि 2.55 लाख से अधिक पंचायतों और पारंपरिक स्थानीय निकायों से जुड़े करीब 32 लाख निर्वाचित प्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों और अन्य हितधारकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. प्रत्येक समन्वित जन-जागरूकता गतिविधि से कम-से-कम एक करोड़ नागरिकों तक पहुंचने का लक्ष्य है. योजना सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लागू होगी.
