PM Vishwakarma योजना के तहत पात्र कारीगरों और शिल्पकारों को बिना किसी गारंटी के कुल ₹3 लाख तक का Enterprise Development Loan मिल सकता है. हालांकि यह लोन पूरी तरह ब्याज-मुक्त नहीं है. लाभार्थी से 5% की रियायती ब्याज दर ली जाती है, जबकि सरकार ब्याज पर 8% सब्सिडी देती है.

दो चरणों में मिलता है लोन

योजना के तहत पहला लोन ₹1 लाख तक का होता है, जिसकी अवधि 18 महीने है. इसके लिए 5 से 7 दिन का Basic Training पूरा करना जरूरी है. दूसरा चरण ₹2 लाख तक का है और इसकी अवधि 30 महीने रखी गई है. दूसरे लोन के लिए पहले लोन का खाता नियमित रहना चाहिए और लाभार्थी को डिजिटल लेनदेन अपनाना या Advanced Training पूरी करनी होती है.

योजना में बढ़ई, लोहार, सुनार, कुम्हार, राजमिस्त्री, दर्जी, नाई, धोबी, मोची, खिलौना निर्माता और मछली पकड़ने का जाल बनाने वाले सहित 18 पारंपरिक ट्रेड शामिल हैं. लाभार्थियों को PM Vishwakarma Certificate और ID Card के साथ Basic Training के दौरान ₹500 प्रतिदिन का स्टाइपेंड तथा ₹15,000 तक का टूलकिट ई-वाउचर भी दिया जाता है.

आवेदन PM Vishwakarma पोर्टल के जरिए Common Service Centre (CSC) से किया जा सकता है. आवेदन के बाद सत्यापन और बैंक की जांच के आधार पर ऋण स्वीकृत और वितरित किया जाता है.