पीएम विश्वकर्मा योजना का लाभ उन कारीगरों और शिल्पकारों को मिल सकता है, जो हाथों और औजारों से 18 निर्धारित पारंपरिक कारोबारों में काम करते हैं. इनमें बढ़ई, नाव निर्माता, लोहार, सुनार, कुम्हार, मूर्तिकार, मोची, राजमिस्त्री, टोकरी या चटाई बनाने वाले, पारंपरिक खिलौना निर्माता, नाई, धोबी, दर्जी और मछली पकड़ने का जाल बनाने वाले कारीगर शामिल हैं.

कौन पात्र है

आवेदक की उम्र पंजीकरण के दिन कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और वह संबंधित कारोबार में सक्रिय रूप से काम कर रहा हो. योजना का लाभ असंगठित क्षेत्र या स्व-रोजगार से जुड़े कारीगरों के लिए है. पिछले पांच वर्षों में केंद्र या राज्य सरकार की समान ऋण-आधारित स्व-रोजगार योजनाओं का लाभ लेने वाले आवेदक सामान्यतः पात्र नहीं होंगे. हालांकि, PM SVANidhi या MUDRA का कर्ज पूरी तरह चुका चुके लाभार्थी पात्र हो सकते हैं. परिवार से केवल एक सदस्य आवेदन कर सकता है. सरकारी कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं.

मिलती हैं ये सुविधाएं

लाभार्थियों को PM Vishwakarma प्रमाणपत्र और पहचान पत्र, कौशल प्रशिक्षण, ₹15,000 तक की टूलकिट प्रोत्साहन राशि और प्रशिक्षण के दौरान ₹500 प्रतिदिन का स्टाइपेंड दिया जाता है. इसके अलावा दो चरणों में कुल ₹3 लाख तक का बिना जमानत ऋण 5 प्रतिशत रियायती ब्याज दर पर, डिजिटल लेनदेन प्रोत्साहन और बाजार से जोड़ने में सहायता मिलती है.