प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) 2.0 के तहत दूसरी संतान बेटी होने पर पात्र महिला को ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि एकमुश्त किस्त के रूप में सीधे आधार-सीडेड बैंक या पोस्ट ऑफिस खाते में DBT के जरिए भेजी जाती है.
दूसरी बेटी पर लाभ की शर्तें
लाभ लेने के लिए गर्भावस्था का पंजीकरण और कम से कम दो प्रसवपूर्व जांच (ANC) कराना जरूरी है. मंत्रालय के अनुसार, ये जांच अंतिम मासिक धर्म की तारीख से छह महीने के भीतर कराना बेहतर है. बच्चे के जन्म का पंजीकरण भी अनिवार्य है.
इसके अलावा, बच्ची का 14 सप्ताह का पहला टीकाकरण चक्र पूरा होना चाहिए. इसमें यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम के तहत जरूरी टीके शामिल हैं. इन शर्तों के पूरा होने के बाद ₹6,000 की एकल किस्त जारी की जाती है.
आवेदन कैसे करें
पात्र महिला नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र या आशा कार्यकर्ता की मदद से ऑनलाइन आवेदन कर सकती है. PMMVY पोर्टल पर स्वयं पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है. आवेदन के लिए बैंक या पोस्ट ऑफिस खाते का आधार से जुड़ा होना जरूरी है, ताकि भुगतान DBT के माध्यम से किया जा सके.
PMMVY में पहली संतान के लिए ₹5,000 दो किस्तों में दिए जाते हैं, जबकि दूसरी संतान बेटी होने पर ₹6,000 एक किस्त में मिलते हैं.
