प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के तहत पात्र महिलाओं को मातृत्व लाभ दिया जाता है. योजना में पहली संतान के लिए कुल ₹5,000 दो किस्तों में मिलते हैं. पहली किस्त ₹3,000 गर्भावस्था के पंजीकरण और निर्धारित प्रसवपूर्व जांच के बाद, जबकि दूसरी किस्त ₹2,000 बच्चे के जन्म पंजीकरण और 14 सप्ताह तक के जरूरी टीकाकरण के बाद दी जाती है.

दूसरी संतान बेटी होने पर पात्र लाभार्थी को ₹6,000 एकमुश्त दिए जाते हैं. इसके लिए गर्भावस्था का पंजीकरण, कम से कम दो प्रसवपूर्व जांच, बच्ची का जन्म पंजीकरण और 14 सप्ताह तक का पहला टीकाकरण चक्र पूरा होना जरूरी है.

योजना का लाभ सामाजिक और आर्थिक रूप से वंचित वर्गों की महिलाओं के लिए है. इनमें SC/ST महिलाएं, BPL या NFSA राशन कार्डधारी, ई-श्रम या मनरेगा जॉब कार्डधारी, PM-JAY लाभार्थी, किसान सम्मान निधि पाने वाली महिला किसान, दिव्यांग महिलाएं और ₹8 लाख से कम वार्षिक पारिवारिक आय वाली महिलाएं शामिल हैं. केंद्र या राज्य सरकार तथा PSU में नियमित नौकरी करने वाली या समान मातृत्व लाभ पाने वाली महिलाएं पात्र नहीं हैं.

आवेदन PMMVY पोर्टल या मोबाइल ऐप से स्वयं किया जा सकता है. आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ASHA कार्यकर्ता या संबंधित स्वास्थ्य केंद्र भी आवेदन में सहायता कर सकते हैं. आधार, आधार-लिंक्ड बैंक या डाकघर खाता, मोबाइल नंबर, MCP/RCHI कार्ड और पात्रता प्रमाण जैसे दस्तावेज जरूरी हो सकते हैं.