केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक Postal Operations Scheme जारी रखने को मंजूरी दी है. इस योजना पर पांच वर्षों में ₹1,141 करोड़ खर्च किए जाएंगे. सरकार का लक्ष्य डाक नेटवर्क को आधुनिक बनाना, पार्सल और मेल संचालन को मजबूत करना तथा नागरिक सेवाओं की पहुंच बेहतर करना है.

भारत में करीब 1.65 लाख पोस्ट ऑफिस हैं, जिनमें लगभग 1.49 लाख ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं. योजना के जरिए ग्रामीण इलाकों में डाक नेटवर्क और अंतिम छोर तक सेवा पहुंच को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इससे वित्तीय समावेशन, ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स और डिजिटल सेवा वितरण को भी बढ़ावा देने की कोशिश है.

मेल संचालन में क्या बदलेगा

Mail Network Optimization के लिए ₹575 करोड़ का प्रावधान किया गया है. इसके तहत केंद्रीयकृत डिलीवरी सिस्टम, मशीनीकरण, Advanced Postal Technology यानी APT 2.0, GIS आधारित सेवाओं और बेहतर बुनियादी ढांचे पर काम होगा. डिलीवरी पोस्ट ऑफिस, मेल हैंडलिंग सिस्टम, रोड ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और 24x7 स्मार्ट लेटर बॉक्स को भी मजबूत किया जाएगा.

योजना में ग्रामीण डाक नेटवर्क और कारोबारी पहुंच के लिए ₹120 करोड़ रखे गए हैं. सरकार के अनुसार इससे पोस्ट ऑफिस को अधिक प्रभावी और नागरिक-केंद्रित सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी.