पंजाब सरकार ने कृषि ट्यूबवेल कनेक्शनों पर अनधिकृत अतिरिक्त बिजली लोड नियमित कराने की स्वैच्छिक घोषणा योजना (VDS) की अवधि 45 दिन बढ़ा दी है. अब पात्र किसान 29 दिसंबर 2026 तक अपने ट्यूबवेल कनेक्शन का अतिरिक्त लोड नियमित करा सकेंगे.
बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद के अनुसार, योजना के तहत सर्विस कनेक्शन शुल्क 6,572 रुपये से घटाकर 2,500 रुपये प्रति बीएचपी कर दिया गया है. सिक्योरिटी डिपॉजिट भी 400 रुपये से घटाकर 200 रुपये प्रति बीएचपी किया गया है.
योजना की अवधि में अतिरिक्त लोड पर कोई जुर्माना या लोड सरचार्ज नहीं लगाया जाएगा. यह राहत उन मामलों में भी लागू होगी, जिनमें किसान खुद अतिरिक्त लोड की घोषणा करते हैं या विभागीय निरीक्षण के दौरान ऐसा लोड सामने आता है.
यह योजना पहले 1 अक्टूबर से 14 नवंबर 2026 तक 45 दिनों के लिए लागू थी. सरकार के फैसले के बाद किसानों को नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए 29 दिसंबर तक अतिरिक्त समय मिल गया है. मंत्री ने पात्र कृषि उपभोक्ताओं से संशोधित शुल्क का लाभ उठाकर तय समयसीमा में प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.
