पूर्णिया जिले में पक्का वर्मी कम्पोस्ट इकाई निर्माण योजना के तहत 1,400 इकाइयों का लक्ष्य तय किया गया है. किसानों को इकाई निर्माण की लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम 5,000 रुपये प्रति इकाई—इनमें से जो कम हो—अनुदान के रूप में दिया जाएगा. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है.

योजना का लाभ लेने के लिए किसान का बिहार कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत होना जरूरी है. आवेदन विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध “अनुदान के लिए आवेदन” विकल्प से किया जा सकता है. वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन इकाई के लिए आधिकारिक आवेदन पोर्टल पर भी पंजीकरण संख्या के माध्यम से प्रक्रिया उपलब्ध है.

किन किसानों को मिलेगा लाभ

यह योजना उन किसानों के लिए है जो खेती के साथ गाय, भैंस या बैल जैसे पशु पालते हैं. एक किसान अधिकतम तीन इकाइयों के लिए अनुदान ले सकता है. प्रस्तावित पक्की इकाई का आकार 10 फुट लंबा, 3 फुट चौड़ा और 2.5 फुट ऊंचा होना चाहिए. दीवार की मोटाई कम-से-कम 5 इंच और पूरी इकाई पर पर्याप्त छप्पर होना जरूरी है.

अनुदान लेने के बाद किसान को अगले पांच वर्षों तक इकाई में वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन करना होगा. इकाई पर वित्तीय वर्ष, योजना का नाम और लाभुक किसान का नाम-पता लिखना भी अनिवार्य है.