नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रबी 2026-27 सीजन के लिए फॉस्फेटिक और पोटाशिक (P&K) उर्वरकों पर Nutrient Based Subsidy (NBS) की दरों को मंजूरी दे दी है. इसके लिए अनुमानित बजटीय आवश्यकता ₹62,370.02 करोड़ रखी गई है.
यह राशि रबी 2025-26 के ₹37,952.29 करोड़ के बजट से ₹24,417.73 करोड़ अधिक है. यानी सब्सिडी प्रावधान में करीब 64.3% की बढ़ोतरी हुई है. सरकार ने यह फैसला उर्वरकों और उनके प्रमुख इनपुट की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में हालिया उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए लिया है.
किन उर्वरकों पर लागू होगी सब्सिडी
स्वीकृत दरें 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी. इनके तहत DAP समेत P&K श्रेणी के 28 ग्रेड के उर्वरकों को शामिल किया गया है. NPKS ग्रेड भी इस दायरे में आते हैं.
सरकार के अनुसार, सब्सिडी उर्वरक निर्माताओं और आयातकों को स्वीकृत दरों के आधार पर दी जाएगी, ताकि किसानों को ये उर्वरक किफायती और उचित कीमतों पर उपलब्ध कराए जा सकें. NBS योजना के तहत P&K उर्वरकों पर सब्सिडी अप्रैल 2010 से दी जा रही है.
