रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट में समय-सीमा फॉलो-अप बैठक लेकर जिले में चल रहे कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. बैठक में एग्रीस्टैक की प्रगति और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली गई.
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बैंक खातों में सुधार की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा. साथ ही मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी और लंबित आवेदनों पर प्राथमिकता से काम करने के निर्देश दिए.
सूर्यघर योजना के आवेदनों का जल्द निराकरण
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा हुई. अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, सब्सिडी वितरण और घरों में लगाए गए सोलर सिस्टम की स्थिति की जानकारी ली गई. कलेक्टर ने लंबित आवेदनों का जल्द निराकरण करने और योजना का काम तेजी से पूरा करने को कहा.
उन्होंने गांवों और वार्डों में जागरूकता अभियान व शिविर लगाने के निर्देश दिए. तकनीकी मंजूरी, ऋण और सब्सिडी की प्रक्रिया में देरी नहीं करने को भी कहा गया. योजना के क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया.
कलेक्टर ने सभी बैंकों और संबंधित विभागों को हर सप्ताह जिला कार्यालय में प्रगति रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए. बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, लीड बैंक मैनेजर मोहम्मद मोफिज सहित विभिन्न विभागों, बैंकों, बिजली विभाग और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
