रायपुर में पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया आसान की गई है. डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के माध्यम से अब 70 रुपये के सेवा शुल्क पर घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) बनवाया जा सकेगा.
इस सुविधा के तहत डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक पेंशनभोगी के घर पहुंचेगा. वहां आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किया जाएगा.
इससे पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी. वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और घर से बाहर जाने में असमर्थ पेंशनभोगियों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी होगी.
इच्छुक पेंशनभोगी इस सेवा का लाभ लेने के लिए अपने नजदीकी डाकघर, डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक से संपर्क कर सकते हैं. रायपुर संभाग के प्रवर अधीक्षक डाकघर की ओर से पात्र पेंशनभोगियों से समय पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की गई है.
