राजस्थान में अटल भूजल योजना के तहत किसानों की लंबित सब्सिडी के भुगतान का रास्ता साफ हो गया है. राज्य सरकार ने कुल 158 करोड़ रुपये की बकाया देनदारी में से कृषि विभाग से जुड़े 90.91 करोड़ रुपये के भुगतान के लिए बजट आवंटित किया है. यह राशि State Disaster Mitigation Fund से दी जाएगी.

यह मामला राजस्थान के 17 जिलों के किसानों से जुड़ा है. योजना के तहत किसानों को फार्म पॉन्ड, सिंचाई पाइपलाइन, डिग्गी, कृषि उपकरण, फसल परिवर्तन मिनीकिट, स्प्रिंकलर और ड्रिप सिंचाई जैसी सुविधाओं पर सहायता दी जाती थी.

योजना का क्रियान्वयन 15 अक्टूबर 2025 के बाद आगे नहीं बढ़ा, जिसके बाद सब्सिडी की देनदारियां लंबित हो गईं. कुल बकाया राशि में 66.16 करोड़ रुपये horticulture विभाग से संबंधित बताए गए हैं, जिनके भुगतान पर अलग से कार्रवाई की जा रही है.

कृषि आयुक्त ने संबंधित जिला परिषदों और जिला कृषि अधिकारियों को बजट आवंटन के आदेश जारी किए हैं. अधिकारियों को पात्र किसानों के दावों का सत्यापन पूरा कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

अटल भूजल योजना केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की सामुदायिक भागीदारी आधारित योजना है. इसके तहत राजस्थान समेत सात राज्यों में भूजल संरक्षण और पानी के दक्ष उपयोग को बढ़ावा दिया गया है.