राजस्थान सरकार अब पेंशनर्स की शिकायतों के समाधान के लिए जिलों में भी पेंशन अदालतें आयोजित करेगी. यह निर्णय जयपुर में हुई पेंशन अदालत के दौरान लिया गया, जहां पेंशन संबंधी मामलों की सुनवाई की गई और 13 पेंशनर्स को पेंशन भुगतान आदेश यानी PPO सौंपे गए.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विभाग के 486 लंबित मामलों में से 356 मामलों का निस्तारण किया गया. मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अलग-अलग जिलों के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के कार्यालयों में मौजूद पेंशनर्स से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं.
बड़े अस्पतालों में अलग OPD काउंटर
राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) के तहत अधिक भीड़ वाले बड़े अस्पतालों में पेंशनर्स के लिए अलग OPD काउंटर बनाने के निर्देश दिए गए हैं. इसका उद्देश्य पंजीकरण और अन्य प्रक्रियाओं में लगने वाले इंतजार को कम करना है.
बैठक में डिजिटल PPO जारी करने की दिशा में काम तेज करने और पेंशनर्स के अनुभव का प्रशासनिक कार्यों में उपयोग करने का सुझाव भी दिया गया. विभाग ने लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण जारी रखने की बात कही है.
