बक्सर जिले के राजपुर अंचल में भूमिहीन और वासविहीन परिवारों के लिए ‘अभियान बसेरा’ के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. अंचल प्रशासन ने पात्र परिवारों से वासभूमि के लिए जल्द आवेदन जमा करने की अपील की है. अभियान की जानकारी मिलने के बाद अंचल कार्यालय में आवेदन देने के लिए बड़ी संख्या में लाभुक पहुंचे.
राजपुर के अंचलाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, जिन परिवारों के पास रहने के लिए अपना पक्का या कच्चा मकान नहीं है और न ही रहने योग्य निजी जमीन उपलब्ध है, वे योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं. प्राप्त आवेदनों की अंचल और राजस्व स्तर पर जांच होगी. इसके बाद भौतिक सत्यापन के आधार पर पात्र परिवारों को निर्धारित मानकों के अनुरूप वासभूमि का पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा.
राजस्व अधिकारी रूपा कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए पंचायत स्तर, अंचल कार्यालय और ऑनलाइन माध्यम से आवेदन की व्यवस्था की गई है. आवेदन जमा करने के बाद पावती सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है. पहले दिन खरहना पंचायत के दरियापुर और बारूपुर पंचायत के बभनी गांव समेत आसपास के क्षेत्रों से कई लाभुकों ने दस्तावेज जमा किए.
