राशन कार्ड सिर्फ सस्ता अनाज पाने का दस्तावेज नहीं है. कई सरकारी सेवाओं और योजनाओं में इसका इस्तेमाल परिवार की संरचना या पात्रता से जुड़े दस्तावेज के तौर पर किया जाता है. हालांकि, हर योजना में राशन कार्ड अकेला पर्याप्त दस्तावेज नहीं होता और अंतिम पात्रता संबंधित नियमों के आधार पर तय की जाती है.
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में राशन कार्ड या परिवार की संरचना प्रमाणित करने वाला राज्य सरकार का दस्तावेज मांगा जा सकता है. योजना के तहत आवेदन करने वाली महिला की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और परिवार में पहले से किसी तेल कंपनी का LPG कनेक्शन नहीं होना चाहिए.
घर बैठे आवेदन कैसे करें
नया राशन कार्ड बनवाने के लिए National Food Security Act के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर संबंधित राज्य या केंद्रशासित प्रदेश का Food Portal चुनना होगा. इसके बाद राज्य के पोर्टल पर उपलब्ध New Ration Card या संबंधित नागरिक सेवा विकल्प से आवेदन किया जा सकता है.
आवेदन में परिवार के सदस्यों की जानकारी और राज्य के नियमों के अनुसार जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होते हैं. आवेदन जमा करने के बाद विभाग दस्तावेजों और पात्रता का सत्यापन करता है. स्वीकृति मिलने पर राशन कार्ड या e-Ration Card डाउनलोड करने की सुविधा राज्य के पोर्टल पर उपलब्ध हो सकती है.
