रेवाड़ी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2026-27 के तहत सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी. योजना के अनुसार जिले के प्रत्येक ब्लॉक में 200 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य तय किया गया है.

अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य परियोजना अधिकारी ने सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय कर मांग जुटाने के निर्देश दिए हैं. इच्छुक ग्राम पंचायतें अपनी मांग संबंधित बीडीपीओ कार्यालय में जमा कर सकती हैं.

इस योजना का लाभ केवल ग्राम पंचायतों तक सीमित नहीं है. जिला परिषद, ब्लॉक समितियां और पात्र गैर-व्यावसायिक संस्थाएं भी सोलर लाइट लगवाने के लिए आवेदन कर सकती हैं.

एक सोलर स्ट्रीट लाइट की निर्धारित लागत ₹17,000 है. इसमें हरियाणा सरकार की ओर से ₹4,000 की सब्सिडी दी जाएगी, जबकि शेष ₹13,000 का अंशदान लाभार्थी संस्था को जमा करना होगा. यह राशि हरेडा द्वारा निर्धारित बैंक खाते में जमा करानी होगी.

योजना मांग आधारित है और आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा. संबंधित संस्थाओं से जल्द मांग प्रस्तुत करने को कहा गया है. प्रत्येक ब्लॉक के 200 लाइटों के लक्ष्य की जानकारी और जमा अंशदान का विवरण सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं.