केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार बुधवार, 25 नवंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में ‘समावेश’ (SAMAVESH) और नए ई-अनुदान पोर्टल का शुभारंभ करेंगे. राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
समावेश को विभाग की योजनाओं, सेवाओं और संगठनों से जुड़े डिजिटल मंचों के लिए एकीकृत प्रवेश प्रणाली के रूप में विकसित किया गया है. इसमें 20 से अधिक पोर्टल जोड़े गए हैं, जिनमें नौ पोर्टल योजनाओं की शुरुआत से अंत तक की डिजिटल प्रक्रिया उपलब्ध कराएंगे. साझा लॉगिन के अलावा ‘सामाजिक सहायक’ नाम का एआई चैटबॉट भाषिणी के जरिए 22 से अधिक क्षेत्रीय भाषाओं में सहायता देगा. मंच को DigiLocker और PFMS से भी जोड़ा जाएगा.
ई-अनुदान पोर्टल पर NAPDDR, SMILE, अटल वयो अभ्युदय योजना और श्रेष्ठ के तहत अनुदान प्रक्रियाएं एक साथ उपलब्ध होंगी. आवेदन को सरल बनाने, दस्तावेजों की जरूरत घटाने और स्वचालित सत्यापन की सुविधा देने का लक्ष्य है. वीडियो आधारित और जियो-टैग साक्ष्यों वाले ई-निरीक्षण तथा PFMS के जरिए भुगतान की निगरानी भी की जाएगी.
