नई दिल्ली में सराय काले खां के आसपास बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए दिल्ली सरकार ट्रैफिक स्टडी कराने पर विचार कर रही है. लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सराय काले खां समेत पूरे दक्षिणी दिल्ली सड़क नेटवर्क के लिए ट्रैफिक सिमुलेशन मॉडल तैयार कराने की योजना बनाई है. इसमें एआई आधारित अध्ययन का विकल्प भी शामिल है. अंतिम निर्णय अभी बाकी है.
यह मामला हाल में हुई उच्चस्तरीय समन्वय समिति की बैठक में उठा, जहां दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सराय काले खां में भारी जाम और यातायात दबाव का मुद्दा रखा था. यह इलाका रिंग रोड का अहम हिस्सा है. यहां आईटीओ से आश्रम की ओर जाने वाला यातायात नोएडा और गाजियाबाद से दक्षिणी दिल्ली की ओर आने-जाने वाले वाहनों के साथ मिल जाता है.
अधिकारियों के अनुसार, मेट्रो, रेलवे और आईएसबीटी से जुड़े परिवहन ढांचे के एक ही क्षेत्र में मौजूद होने के कारण भविष्य में यातायात बढ़ने की संभावना है. स्टडी के बाद जरूरत के मुताबिक किसी विशेषज्ञ एजेंसी को नियुक्त कर सड़क व्यवस्था में बदलाव के विकल्प सुझाए जा सकते हैं.
