रोहतास जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के लिए प्रखंड स्तर पर सोलर सेवा सेतु कैंप लगाए जा रहे हैं. इन शिविरों में उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने और सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने की जानकारी दी जा रही है.
कैंप में ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया के साथ सोलर पैनल की स्थापना, अनुमानित लागत, अधिकृत विक्रेता और ऋण सुविधा से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. विभागीय कर्मी मोबाइल एप और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया का प्रदर्शन कर लोगों की समस्याओं का समाधान भी कर रहे हैं.
अधिकारियों के अनुसार, तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने पर केंद्र और बिहार सरकार को मिलाकर अधिकतम 98 हजार रुपये तक का अनुदान मिल सकता है. एक किलोवाट संयंत्र पर कुल 40 हजार रुपये और दो किलोवाट पर कुल 80 हजार रुपये तक सहायता का प्रावधान बताया गया है.
उपभोक्ताओं से नजदीकी सोलर सेवा सेतु कैंप में पहुंचकर पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी लेने की अपील की गई है. बिहार सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी का लाभ 31 मार्च 2027 तक उपलब्ध रहने की जानकारी भी दी गई है.
