केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित SHE-Mart का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को केवल आजीविका कमाने वाली नहीं, बल्कि अपने कारोबार की मालिक और संचालक बनाने का है. SHE का अर्थ Self-Help Entrepreneur है. इसके तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए समुदाय के स्वामित्व वाले खुदरा केंद्र स्थापित किए जाने की योजना है.

इन मार्ट्स का संचालन क्लस्टर-स्तरीय फेडरेशन या महिला समूहों के माध्यम से किया जाना प्रस्तावित है. यहां हस्तशिल्प, कपड़ा, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि और पशुपालन से जुड़े उत्पादों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. इससे महिलाओं को बाजार, ब्रांडिंग और उत्पादों की दृश्यता बेहतर करने का अवसर मिल सकता है तथा बिचौलियों पर निर्भरता घट सकती है.

सरकारी जानकारी के अनुसार, इस पहल से एक करोड़ महिलाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. योजना का जोर महिलाओं को छोटे स्तर की आय गतिविधियों से आगे बढ़ाकर टिकाऊ उद्यम खड़ा करने में मदद देने पर है.

आवेदन कैसे होगा

फिलहाल SHE-Mart के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आवेदन की विस्तृत प्रक्रिया, निश्चित पात्रता और वित्तीय सहायता के नियम सार्वजनिक रूप से अंतिम रूप में जारी नहीं हुए हैं. ग्रामीण विकास मंत्रालय ने इसकी परिचालन गाइडलाइन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है. इसलिए इच्छुक महिलाओं और SHG सदस्यों को आधिकारिक सरकारी घोषणाओं और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की सूचनाओं का इंतजार करना चाहिए.