चक्रधरपुर प्रखंड के सिलफोड़ी गांव में बुधवार को अधिकार मित्रों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को विधिक सहायता और योजनाओं से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी. यह जागरूकता कार्यक्रम 60 दिवसीय मेगा अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसे विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर चलाया जा रहा है.

अधिकार मित्रों ने ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण यानी नालसा और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण यानी डालसा के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया. टीम ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उन्हें उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी.

विधिक सहायता तक पहुंच बनाने पर जोर

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और निशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना था. डोर-टू-डोर अभियान के दौरान अधिकार मित्रों ने लोगों से सीधे संवाद किया, ताकि जरूरतमंद परिवार अपनी समस्याएं संबंधित प्राधिकार तक पहुंचा सकें.

यह अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है. चाईबासा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर और सचिव रवि चौधरी के निर्देश पर चक्रधरपुर क्षेत्र में यह गतिविधि आयोजित की गई.

कार्यक्रम में अधिकार मित्र पिंकी बोदरा, करण कुंभकार और अनिता बोदरा समेत अन्य लोग शामिल रहे. ग्रामीणों को योजनाओं और विधिक सेवाओं का लाभ लेने के लिए उपलब्ध माध्यमों की जानकारी दी गई.