सीवान में सेवा संकल्प और कायाकल्प अभियान के तहत जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने नगर की सफाई व्यवस्था और विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ने सुबह नगर भ्रमण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी की और संबंधित अधिकारियों से मौके पर जानकारी ली.

अभियान के तहत जिले के अलग-अलग वार्डों के निरीक्षण की जिम्मेदारी जिलास्तरीय अधिकारियों की टीमों को सौंपी गई थी. निरीक्षण में घरों से कचरा उठाव, डंपिंग स्टेशनों तक कचरा पहुंचाने, सफाई वाहनों के संचालन और सफाई एजेंसियों के कामकाज की स्थिति देखी गई.

प्रशासन की ओर से बताया गया कि निरीक्षण का उद्देश्य शहर को अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है. अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निरीक्षण रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

कायाकल्प अभियान की कार्यसूची में विद्यालयों की चहारदीवारी, भवन मरम्मत, शौचालय, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र, सामुदायिक भवन और नाली निर्माण जैसे जनोपयोगी कार्य भी शामिल हैं.