सुकन्या समृद्धि योजना में माता-पिता या कानूनी अभिभावक बेटी के नाम सिर्फ ₹250 की शुरुआती जमा से खाता खोल सकते हैं. यह सुविधा जन्म से लेकर 10 वर्ष की उम्र पूरी होने से पहले तक उपलब्ध है. खाता डाकघर और अधिकृत बैंकों में खोला जा सकता है.
योजना के तहत एक वित्तीय वर्ष में कम से कम ₹250 जमा करना जरूरी है. जमा राशि ₹50 के गुणकों में बढ़ाई जा सकती है और सालाना अधिकतम सीमा ₹1.5 लाख है. खाते में रकम खाता खोलने की तारीख से 15 साल तक जमा की जा सकती है.
सरकार की ओर से ब्याज दर समय-समय पर तय की जाती है. PIB के 21 जनवरी 2026 के विवरण में इस योजना की ब्याज दर 8.2% बताई गई थी. ब्याज की गणना हर महीने होती है और वित्तीय वर्ष के अंत में खाते में जोड़ी जाती है.
बच्ची की उच्च शिक्षा के लिए नियमों के तहत पिछली वित्तीय वर्ष की शेष राशि का 50% तक निकाला जा सकता है. योजना में आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत कर लाभ भी मिलता है.
हालांकि, ₹250 जमा करने भर से किसी बच्चे के करोड़पति बनने की गारंटी नहीं है. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2025 तक योजना में 4.53 करोड़ से अधिक खाते खोले जा चुके थे.
