बिहार के सुपौल जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया गया है. जिला प्रशासन और विद्युत आपूर्ति प्रमंडल की पहल पर प्रचार वाहन तथा नुक्कड़ नाटक दल को समाहरणालय परिसर से रवाना किया गया. जिलाधिकारी सावन कुमार ने अभियान को हरी झंडी दिखाई.

अभियान के तहत सुपौल सदर, किशनपुर, पिपरा और त्रिवेणीगंज प्रखंडों के 14 चयनित हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को योजना की जानकारी दी जाएगी. नुक्कड़ नाटक के जरिए सोलर रूफटॉप लगाने के फायदे, बिजली बिल में संभावित बचत और आवेदन प्रक्रिया समझाई जाएगी.

योजना के तहत 1 किलोवाट संयंत्र पर केंद्र और बिहार सरकार की ओर से कुल 40 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 80 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक अनुदान मिलने की जानकारी दी गई है. शेष राशि के लिए 5.75 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर ऋण का प्रावधान भी बताया गया है.

आवेदन के लिए आधार कार्ड, बिजली उपभोक्ता संख्या, मोबाइल नंबर, बैंक खाते का विवरण और छत के स्वामित्व से जुड़ा स्व-अभिप्रमाणित प्रमाणपत्र जरूरी है.