सुप्रीम कोर्ट ने सड़क हादसा पीड़ितों के लिए बनाई गई Compensation to Victims (Interim Relief) Scheme, 2026 के दायरे पर केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है. अदालत ने खास तौर पर पूछा कि बिना बीमा वाले वाहनों से हुए हादसों में पीड़ितों को इस योजना के तहत अंतरिम मुआवजा मिलेगा या नहीं.
यह मामला 16 अक्टूबर 2026 को न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की पीठ के सामने आया. सुनवाई के दौरान बताया गया कि सड़क हादसा पीड़ितों को तत्काल राहत देने के लिए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 164A के तहत योजना तैयार की गई है.
अदालत ने केंद्र को योजना का व्यापक प्रचार करने और इसे जल्द से जल्द आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित कराने का निर्देश दिया. पीठ ने अगली सुनवाई तक यह बताने को कहा है कि योजना को व्यवहार में कैसे लागू किया जाएगा.
सुनवाई में यह आपत्ति भी उठी कि योजना का प्रारूप बीमित वाहनों से जुड़े मामलों तक सीमित दिखाई देता है. ऐसे में बिना बीमा वाले, लेकिन पहचाने जा चुके वाहनों से हुए हादसों के पीड़ितों के लिए मुआवजे की व्यवस्था स्पष्ट करना जरूरी है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 6 मार्च 2026 तक सक्रिय वाहनों में 44.31 प्रतिशत का बीमा वैध नहीं था.
