नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘स्वामित्व’ योजना की राष्ट्रीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में 31 मार्च 2027 तक योजना के तहत पूर्ण कवरेज हासिल करने का लक्ष्य रखा गया. केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने राज्यों से समयबद्ध और समन्वित तरीके से लंबित काम पूरा करने का आग्रह किया.
समीक्षा के दौरान राज्यों ने ड्रोन सर्वेक्षण, तैयार किए गए मानचित्रों के जमीनी सत्यापन और ग्रामीण परिवारों को संपत्ति कार्ड जारी करने की प्रगति साझा की. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, सिक्किम और मिजोरम समेत कई राज्यों ने योजना के क्रियान्वयन से जुड़ी उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी दी.
पंचायती राज मंत्रालय के अनुसार, 4 अगस्त 2026 तक देश के 3.30 लाख गांवों में ड्रोन सर्वेक्षण पूरा हो चुका था. 1.97 लाख गांवों के लिए 3.24 करोड़ संपत्ति कार्ड तैयार किए गए थे, जबकि करीब 2.72 करोड़ कार्ड लाभार्थियों को वितरित किए जा चुके थे.
‘स्वामित्व’ योजना का उद्देश्य ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों में संपत्ति मालिकों को अधिकारों का रिकॉर्ड उपलब्ध कराना है. ड्रोन और मानचित्रण तकनीक से संपत्ति की सीमाएं स्पष्ट करने, विवाद घटाने और ग्राम स्तर पर बेहतर नियोजन में मदद मिलने की उम्मीद है.
