नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 20 नवंबर 2026 को स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026 समारोह आयोजित किया गया. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, शहरी स्थानीय निकायों, ऋणदाता संस्थाओं और सहयोगी संगठनों को पुरस्कार प्रदान किए. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी समारोह में मौजूद रहे.
इस वर्ष कुल 52 पुरस्कार और पांच विशेष सम्मान दिए गए. समग्र प्रदर्शन की श्रेणी में अन्य राज्यों के बीच मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश को सम्मानित किया गया. पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में असम, सिक्किम, मिजोरम और त्रिपुरा को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार मिले. केंद्र शासित प्रदेशों में चंडीगढ़, पुडुचेरी और लद्दाख भी सम्मानित हुए.
ऋण प्रदर्शन में मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश, डिजिटल अपनाने में केरल और महाराष्ट्र तथा ‘स्वनिधि से समृद्धि’ श्रेणी में उत्तर प्रदेश और हरियाणा को मान्यता मिली. विशेष अभियानों में आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान, जबकि तेज प्रगति की श्रेणी में छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा चुने गए. योजना के पुनर्गठन के बाद ऋण वितरण के लिए महाराष्ट्र, गुजरात और पश्चिम बंगाल को विशेष सम्मान मिला.
पीएम स्वनिधि योजना जून 2020 में शुरू हुई थी. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इसके तहत करीब 81 लाख स्ट्रीट वेंडर्स को 1.21 करोड़ से अधिक ऋण दिए जा चुके हैं.
