तमिलनाडु सरकार ने दिवाली के अवसर पर 100 रुपये में 10 जरूरी सब्जियों और रसोई सामग्री वाला विशेष पैक शुरू किया है. ‘वेट्री स्पेशल वेजिटेबल पैक’ की बिक्री 5 से 7 नवंबर 2026 तक राज्यभर के 218 चुनिंदा सहकारी बिक्री केंद्रों पर होगी. चेन्नई में इसके लिए चार मोबाइल सब्जी बिक्री वाहन भी लगाए गए हैं.

एक पैक में 500 ग्राम प्याज, 500 ग्राम टमाटर, 250-250 ग्राम बैंगन और आलू, 200-200 ग्राम गाजर और बीन्स, 100-100 ग्राम हरी मिर्च और नींबू, 50 ग्राम अदरक तथा 400 से 450 ग्राम वजन का एक नारियल शामिल है. पैक का कुल वजन लगभग 2.55 से 2.60 किलोग्राम है.

सरकार के निर्देश के अनुसार पैक केवल 100 रुपये में और पूरा पैक ही बेचा जाएगा. एक व्यक्ति को सिर्फ एक पैक खरीदने की अनुमति होगी. यह योजना राशन दुकानों या सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत नहीं है, बल्कि निर्धारित सहकारी स्टोर और मोबाइल बिक्री केंद्रों के जरिए लागू की जा रही है. अधिकारियों को पर्याप्त स्टॉक और सुचारु वितरण की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.