तमिलनाडु में नवजात बच्चों के लिए ‘थायमामन थंगा मोथिरम’ यानी गोल्ड रिंग योजना 28 सितंबर 2026 से शुरू होगी. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय मदुरै के उसिलमपट्टी सरकारी अस्पताल से इसकी शुरुआत करेंगे. योजना के तहत राज्य के सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को एक ग्राम वजन की सोने की अंगूठी दी जाएगी.
योजना का लाभ 22 जून 2026 या उसके बाद सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चों को मिलेगा. 28 सितंबर से पहले जन्मे बच्चों के लिए अंगूठियों का वितरण 107 केंद्रों के जरिये किया जाएगा. प्रत्येक केंद्र पर रोजाना 100 बच्चों को अंगूठी देने की व्यवस्था की गई है. 28 सितंबर के बाद जन्म लेने वाले बच्चों को अस्पताल से छुट्टी के समय अंगूठी दी जाएगी.
प्रारंभिक चरण के लिए 1,28,000 से अधिक अंगूठियां खरीदी गई हैं. हर अंगूठी पर विशिष्ट सीरियल नंबर होगा और उसे छेड़छाड़-रोधी पैकेजिंग में रखा जाएगा. पात्रता के लिए बच्चे की मां का तमिलनाडु की स्थायी निवासी होना और गर्भावस्था-शिशु निगरानी प्रणाली में पंजीकरण आवश्यक बताया गया है.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सालाना करीब 7.8 लाख बच्चों का जन्म होता है, जिनमें लगभग 53 प्रतिशत प्रसव सरकारी अस्पतालों में होते हैं.
