तमिलनाडु सरकार ने 2026-27 शैक्षणिक वर्ष के लिए ‘वेट्री लैपटॉप योजना’ लागू करने का फैसला किया है. योजना के लिए ₹2,000 करोड़ का बजट रखा गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्यमंत्री एस. जोसेफ विजय के निर्देश के बाद योजना के विस्तृत दिशा-निर्देश और प्रशासनिक मंजूरी जारी की गई है.
योजना का लाभ सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को मिलेगा. इसके दायरे में कला एवं विज्ञान, इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक, ITI, चिकित्सा, पशु चिकित्सा, मत्स्य, कृषि और कानून जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं. 2026-27 में प्रथम और द्वितीय वर्ष के स्नातक तथा डिप्लोमा छात्रों को योजना में शामिल किया गया है.
इसके अलावा, 2025-26 में लैपटॉप योजना का लाभ नहीं ले सके सरकारी और सहायता प्राप्त कॉलेजों के तीसरे व चौथे वर्ष के पेशेवर पाठ्यक्रमों के छात्र भी पात्र होंगे. इंजीनियरिंग छात्रों के लिए Intel Core i5 या समकक्ष क्षमता वाले लैपटॉप देने की बात कही गई है. खरीद प्रक्रिया की निगरानी के लिए उच्चस्तरीय संचालन समिति बनाई जाएगी, जबकि गुणवत्ता मानकों के साथ खरीद की जिम्मेदारी ELCOT को देने का प्रावधान है.
