उत्तर प्रदेश में गरीबों, श्रमिकों और जरूरतमंद लोगों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए अन्नपूर्णा रसोई योजना शुरू की जाएगी. पहले चरण में यह योजना 18 जिलों में लागू करने की घोषणा की गई है. खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने 5 नवंबर 2026 को लखनऊ में इसकी जानकारी दी.
योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच रुपये में भोजन की थाली दी जाएगी. प्रत्येक केंद्र पर रोजाना 500 दोपहर के भोजन और 500 रात के भोजन की व्यवस्था प्रस्तावित है. रसोई सप्ताह के सभी सातों दिन संचालित किए जाने की बात कही गई है.
पहले चरण में कानपुर, लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, अलीगढ़, प्रयागराज, झांसी, बरेली, मथुरा, सहारनपुर, गोरखपुर, अयोध्या, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद और रायबरेली को शामिल किया गया है.
मंडियों और श्रमिक अड्डों के पास खुलेंगी रसोई
सरकार के अनुसार, अन्नपूर्णा भोजनालयों की शुरुआत प्रमुख मंडियों और श्रमिक बहुल क्षेत्रों से की जाएगी. निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों, दिहाड़ी मजदूरों और मंडियों में आने वाले किसानों को इससे कम कीमत पर भोजन मिल सकेगा. मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी में भी श्रमिकों को सस्ते भोजन की सुविधा देने और किसानों के लिए टोकन व्यवस्था का उल्लेख है.
कैंटीन संचालक संस्था को प्रत्येक थाली पर राज्य सरकार की ओर से 25 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव है. योजना का विस्तार आगे अन्य जिलों में भी किया जा सकता है.
