उत्तर प्रदेश सरकार दिवाली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को मुफ्त LPG सिलेंडर रिफिल की सुविधा देगी. राज्य में करीब 1.86 करोड़ महिला लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिलने की जानकारी सामने आई है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में दिवाली और होली पर एक-एक मुफ्त रिफिल देने के प्रस्ताव को कैबिनेट मंजूरी मिल चुकी है.

योजना के लिए सरकार ने 2,142.78 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. लाभार्थी को पहले अपनी गैस एजेंसी से LPG सिलेंडर बुक कराना होगा. डिलीवरी के समय सामान्य प्रक्रिया के तहत भुगतान करने के बाद सब्सिडी की राशि बैंक खाते में भेजी जाएगी.

लाभ लेने के लिए बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और उसमें DBT सुविधा सक्रिय रहनी जरूरी है. लाभार्थियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनका LPG कनेक्शन और बैंक संबंधी विवरण सही व अपडेटेड हो.

यह सुविधा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों तक सीमित है. इसलिए जिन उपभोक्ताओं का नाम योजना के लाभार्थी रिकॉर्ड में नहीं है, उन्हें इस विशेष रिफिल सहायता का लाभ नहीं मिलेगा.