उत्तर प्रदेश में किसानों और गोआश्रय स्थलों को जोड़ने के लिए ‘चारा के बदले खाद’ मॉडल शुरू करने की तैयारी है. इसके तहत गोशालाएं बाहर के सप्लायरों पर निर्भर रहने के बजाय अपने आसपास के गांवों के किसानों से सीधे हरा-सूखा चारा और भूसा खरीद सकेंगी.
प्रस्तावित व्यवस्था में किसानों और गोआश्रय स्थलों के बीच सालाना समझौता किया जाएगा. चारे के बदले किसानों को गोबर, गोमूत्र या उनसे तैयार जैविक खाद उपलब्ध कराई जाएगी. इससे किसानों को खेतों के लिए जैविक खाद का विकल्प मिलेगा और गोशालाओं को पूरे साल चारे की आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.
इस पहल का एक उद्देश्य फसल अवशेष और उपयोग योग्य पराली को जलाने के बजाय चारे के रूप में इस्तेमाल करना भी है. इससे पराली जलाने की घटनाओं और उससे होने वाले प्रदूषण को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
योजना के तहत किसानों को गोबर और गोमूत्र से उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार करने का प्रशिक्षण देने की भी बात कही गई है. उन्हें खाद की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और खेतों में वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी दी जाएगी.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 7,700 से अधिक गोआश्रय स्थलों में 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं. सरकार इस मॉडल के जरिए गोशालाओं को अधिक आत्मनिर्भर बनाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है.
